जांजगीर चाम्पा :- जिले अंतर्गत विकासखंड नवागढ़ के जी.एल.डी. पब्लिक स्कूल, खैरताल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास, उमंग एवं भक्ति-भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन श्री लालन प्रसाद देवांगन एवं श्रीमती गुलाब बाई देवांगन तथा विशिष्ट अतिथि डायरेक्टर श्री पंकज कुमार देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मार्गदर्शन विद्यालय के प्राचार्य श्री अभय कुमार सिंह ने किया जन्माष्टमी के अवसर पर नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए कृष्ण-राधा वेशभूषा पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चे श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक रूप में सजकर विद्यालय पहुंचे। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, मनमोहक प्रस्तुतियों एवं आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया।
वहीं कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। गोविंदा की टोली द्वारा मटकी फोड़ने का प्रयास कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। विद्यार्थियों एवं दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में कक्षा नौवीं एवं आठवीं की छात्राओं द्वारा रंगमंचीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का खूब मनोरंजन किया। इसके साथ ही कक्षा चौथी एवं पाँचवीं की छात्राओं द्वारा रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किया गया। नन्हीं छात्राओं की शानदार प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं। पूरा विद्यालय परिसर श्रीकृष्ण की भक्ति, संगीत, नृत्य और उत्साह से सराबोर नजर आया।


