जांजगीर चाम्पा :- पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के अंतर्गत आज शिवरीनारायण पुलिस द्वारा ट्रिनिटी कान्वेंट स्कूल, शिवरीनारायण में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए साइबर क्राइम, नवीन आपराधिक कानून तथा सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इसके साथ ही भारत में लागू नवीन आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)—के प्रमुख प्रावधानों, उनके उद्देश्य तथा आम नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी सरल भाषा में दी गई। छात्र छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सड़क पार करते समय आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में जागरूक किया गया।
शिवरीनारायण पुलिस ने आमजन एवं विद्यार्थियों से अपील की कि साइबर अपराधों से सतर्क रहें, यातायात नियमों का पालन करें तथा कानून संबंधी जानकारी प्राप्त कर एक सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।


