ट्रांसफॉर्मर खराबी, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती पर होगी त्वरित कार्रवाई; उपभोक्ताओं के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन जारी
जांजगीर-चांपा। जिले में विद्युत व्यवस्था को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बिजली विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने साफ कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल समाधान किया जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने बारिश और तेज हवाओं के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफॉर्मर खराबी, लो-वोल्टेज, बिजली कटौती और अन्य तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। इसके लिए क्षेत्रवार सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं की संपर्क जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो सके।
24 घंटे कॉल सेंटर से दर्ज होगी शिकायत
विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग द्वारा 24×7 कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। उपभोक्ता बिजली संबंधी समस्या होने पर इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं—जांजगीर (नैला जोन): 6262045898, 9171887873, चांपा जोन: 7400729488
बिजली व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
कलेक्टर ने जांजगीर शहर के सभी विद्युत उपकेंद्रों की रिंगमेन (इंटरकनेक्शन) व्यवस्था का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चांपा के गांधीभवन क्षेत्र और शिवरीनारायण क्षेत्र के खरौद में प्रस्तावित नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कहा कि विद्युत शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इसके लिए क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर शिकायतों और सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज करने के निर्देश दिए गए।


