जांजगीर चाम्पा :- नवागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पचरी में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पशु शेड निर्माण कार्य के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत पचरी निवासी यशवंत बंजारे स्थानीय निवासी सुरेंद्र रत्नाकर ,कृष्ण टंडन ने जनपद पंचायत नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए सरपंच प्रतिनिधि एवं शिक्षक नलसाय दिवाकर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है,शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत पचरी के सरपंच प्रतिनिधि/सरपंच पति नलसाय दिवाकर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पशु शेड निर्माण की राशि जारी कराने के नाम पर ₹30,000 की मांग की गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में ₹5,000 नगद दिए जा चुके हैं तथा पूरे मामले का ऑडियो रिकॉर्डिंग साक्ष्य शिकायतकर्ता के पास उपलब्ध है।
शिकायत में कहा गया है कि नलसाय दिवाकर वर्तमान में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नवागढ़ में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं, इसके बावजूद वे ग्राम पंचायत के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों में हस्तक्षेप करते हुए विभिन्न योजनाओं में लाभ दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग करते हैं। शिकायतकर्ता ने इसे पद के दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार की श्रेणी में बताया है।मामले को लेकर जनपद पंचायत नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की मांग की गई है।
इस संबंध में नवागढ़ जनपद पंचायत सीईओ ने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी, जांजगीर-चांपा ने भी मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने की बात कही है।


