जांजगीर-चांपा:- जिले के ग्राम गोधना, विकासखंड नवागढ़ में संचालित ब्राह्मणी इंग्लिश मीडियम स्कूल के संबंध में प्राप्त शिकायतों को लेकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।इस संबंध में भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ को लिखित आवेदन सौंपकर विद्यालय की भूमि, खेल मैदान, शिक्षक-शिक्षिकाओं की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता तथा स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच कराने का आग्रह किया गया है।
आवेदन में विद्यालय की भूमि के स्वामित्व एवं वैध दस्तावेजों की जांच, विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल मैदान की उपलब्धता, विद्यालय में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की निर्धारित योग्यता एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों का सत्यापन तथा बच्चों के परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की मांग की गई है।
स्कूली वाहनों के संबंध में फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक का लाइसेंस एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच परिवहन विभाग के माध्यम से कराने का आग्रह किया गया है।
आवेदन में संबंधित विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही जांच के उपरांत की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।
प्रमुख मांग: विद्यालय से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर विद्यार्थियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों को सुनिश्चित किया जाए।


