जांजगीर-चांपा:- देशभर में 26 नवंबर को मनाए जाने वाले संविधान दिवस के अवसर पर विकासखंड मुख्यालय नवागढ़ में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज नवागढ़ द्वारा संविधान दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उपस्थित होकर भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संविधान के मूल सिद्धांतों के पालन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर श्रीफल अर्पित कर पुष्पांजलि दी। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने की शपथ ली।
इस अवसर पर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष श्री भूषण खटकर, ब्लॉक अध्यक्ष श्री चीनी खूंटे, अधिवक्ता श्री शत्रुहन बंजारे, दिलीप बर्मन, भरत बर्मन, लखन खूंटे, सुधा दिवाकर, अर्जुन सरकार, केशव कोसले, अजीत बंजारे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय एवं स्वतंत्रता प्रदान करता है। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को समान अवसर एवं अधिकार दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया, जिसे सदैव याद रखा जाना चाहिए।
वक्ताओं ने सामाजिक एकता, शिक्षा, जागरूकता एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संविधान के मूल्यों को अपनाकर समानता, भाईचारा एवं सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक एकता बनाए रखने तथा बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज नवागढ़ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक जागरूकता एवं एकता का संदेश देने वाला रहा।


