जांजगीर-चांपा :- जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS की पहल पर थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत खरौद में नए पुलिस आउट पोस्ट का शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
नवस्थापित आउट पोस्ट में 01 प्रधान आरक्षक एवं 03 आरक्षक का बल तैनात रहेगा, जो क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए सघन पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन गश्त तथा कानून- व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करेंगे। पुलिस की नियमित उपस्थिति से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
खरौद नगर पंचायत एक महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं आवागमन का केंद्र होने के कारण यहां कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस आउट पोस्ट की स्थापना की गई है, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा आमजन को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
आउट पोस्ट शुभारंभ के दौरान SP जांजगीर चांपा ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नई आउट पोस्ट के माध्यम से क्षेत्र में पुलिस की सतत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए शांति, सुरक्षा एवं कानून- व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।


