सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के विरूद्ध, सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों पर अभियान चलाकर करे कार्रवाई – कलेक्टर
जांजगीर-चांपा 23 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खनिजों के अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करे।
कलेक्टर-एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और तेज गति जैसे मामलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिले में चिन्हांकित डार्क स्पॉट और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। साथ ही इन स्थानों पर संकेतक, लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं या जहां दुर्घटनाओं की संभावनाएं अधिक हैं, वहां विशेष सतर्कता बरतते हुए मरम्मत और सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार, जिला परिवहन अधिकारी श्री गौरव साहू सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


