जांजगीर-चांपा:- बाल दिवस (14 नवंबर) के पावन अवसर पर विकासखंड नवागढ़ के संकुल सेमरा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला तेंदुआ में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कल्प समाज सेवी संस्था (KALP) के कोऑर्डिनेटर श्री हरिशंकर जी ने बच्चों और उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों और शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर संस्था के सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक यादव ने अपना संदेश साझा करते हुए कहा कि, “बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए शिक्षा और सामुदायिक जागरूकता ही सबसे सशक्त माध्यम है।”
शाला के प्रधानपाठक श्री शिवचरण गढ़वाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से आठवीं तक के कुल 104 विद्यार्थी (40 बालक एवं 64 बालिकाएं) उत्साहपूर्वक शामिल हुए। बच्चों ने संवाद के माध्यम से बाल विवाह रोकने का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के 6 शिक्षकगण (स्कूल स्टाफ) तथा क्षेत्र की 4 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों द्वारा बाल विवाह मुक्त समाज निर्माण की शपथ ली गई।


