जांजगीर चाम्पा :- ग्राम पंचायत कचंदा में सरपंच एवं सचिव पर लगाए गए लाखों रुपये के कथित फर्जीवाड़े एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर अब प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर द्वारा की गई शिकायत के बाद जनपद पंचायत नवागढ़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित की है।
जनपद पंचायत नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 18 सितंबर 2026 को जारी आदेश में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम में सहायक विकास विस्तार अधिकारियों एवं तकनीकी सहायक को शामिल किया गया है। जांच टीम को शिकायत में उल्लेखित सभी तथ्यों एवं बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर 07 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत में ग्राम पंचायत कचंदा के सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध लाखों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता एवं फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी। इसी मामले में ग्राम कचंदा निवासी अमित कुमार खूंटे द्वारा भी शिकायत प्रस्तुत की गई थी।
शिकायत सिर्फ कागज पर नहीं रहेगी, जांच में सच्चाई सामने आनी चाहिए
भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में शासन की राशि का उपयोग जनता के विकास के लिए होता है। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाना आवश्यक है। जांच के बाद यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ आम जनता के अधिकारों एवं सार्वजनिक धन की पारदर्शिता के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा।
अब पूरे मामले में जांच टीम की रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सात दिवस की समय-सीमा में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।


